Call us: +91 7393976701
Please Wait a Moment
Menu
Dashboard
Register Now
Join Us
संपादकीय 18 सितंबर ()
Font Size
+
-
Reset
Backspace:
0
Timer :
00:00
जलवायु परिवर्तन के कारण वैश्विक ताप का खतरा लगातार बढ़ रहा है। बेशक यह मानवीय गतिविधियों का ही नतीजा है, लेकिन हम ऐसा कोई कारगर उपाय नहीं खोज पाए हैं, जो इस संकट से उबार सके। भारत में बदल रहे मौसम के मिजाज को भी जलवायु परिवर्तन से जोड़कर ही देखा जा रहा है। कभी असमय गर्मी, तो कभी अत्यधिक बारिश की घटनाएं आम हो गई हैं। देश की अर्थव्यवस्था को प्रभावित करने वाले मानसून की चाल भी बदल रही है। जाहिर है, इससे कृषि पर विपरीत असर पड़ रहा है। बदलते मौसम के प्रभाव से केवल फसलों का उत्पादन ही प्रभावित नही हो रहा, बल्कि उनकी गुणवत्ता भी कम हो रही है। यह देश की खाद्य सुरक्षा के लिए एक बड़ी चुनौती है। संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन ने चेतावनी दी है कि उच्च तापमान सूखा, बाढ़ और मिट्टी की उर्वरता में कमी का कारण बनकर मध्य-पूर्व के कई देशों में कृषि को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा सकता है। वहीं इंटरनेशनल पैनल ऑन क्लाइमेट चेंज ने जून 2021 में जारी चार हजार पन्नों की रिपोर्ट में जलवायु परिवर्तन के खतरों से अवगत कराया था। इसमें अनुमान लगाया गया था कि वर्ष 2050 तक आठ करोड़ से अधिक लोग भुखमरी जैसी स्थिति का सामना कर सकते हैं। अगर वर्ष 2040 तक तापमान 1.5 डिग्री तक बढ़ता है, तो फसलों की पैदावार पर इसका गंभीर प्रभाव पड़ेगा। इस चेतावनी को भविष्य की महज एक संभावना की तरह नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि इस पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। एक ओर जलवायु परिवर्तन का प्रत्यक्ष प्रभाव कृषि उत्पादन पर पड़ा है, वहीं इसका असर किसानों की आय में कमी और अनाज की बढ़ती कीमतों के रूप में भी देखा जा रहा है। कृषि की उत्पादकता बढ़ाने में उपजाऊ मृदा, जल, अनुकूल वातावरण और कीट-पतंगों से बचाव इत्यादि का महत्त्वपूर्ण योगदान होता है। प्रत्येक फसल को तैयार होने के लिए एक उचित तापमान, वर्षा एवं आर्द्रता की आवश्यकता होती है। इनमें से किसी एक मानक में भी परिवर्तन होने से फसलों की पैदावार प्रभावित होती है। आने वाले दिनों में देश की बढ़ती आबादी में अलग-अलग फसलों की मांग भी बढ़ेगी, मगर जलवायु परिवर्तन इस राह में मुश्किलें पैदा कर सकता है। लिहाजा, देश की कृषि नीति को जलवायु परिवर्तन के जोखिमों से निपटने के अनुकूल बनाना होगा और फसल उत्पादकता में सुधार तथा सुरक्षा जाल विकसित करने पर भी ध्यान केंद्रित करना होगा। वैज्ञानिक अध्ययनों के आंकड़े बताते हैं कि इस सदी के अंत तक धरती का तापमान 3.7 डिग्री से 4.8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिसका सीधा असर खाद्यान्न उत्पादन पर पड़ेगा। उदाहरण के लिए आज जहां गेहूं, जौ, सरसों और आलू की खेती हो रही है, वहां तापमान बढ़ने से इन फसलों की खेती बाधित होगी, क्योंकि इन्हें ठंडक की जरूरत होती है। ठीक इसी तरह तापमान बढ़ने से मक्का, धान और ज्वार जैसी फसलों को नुकसान हो सकता है। जलवायु परिवर्तन जोखिम सूचकांक में भारत शीर्ष बीस देशों में शामिल है। पिछले चार दशकों में धरती का तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है, जिस कारण बाढ़, सूखा और तूफान जैसी प्राकृतिक आपदाएं भी बढ़ी हैं। चूंकि भारत में ज्यादातर किसानों के पास छोटा रकबा है, इसलिए इन आपदाओं के कारण उनकी आमदनी भी प्रभावित हो रही है। आने वाले वर्षों में बढ़ते तापमान की वजह से देश में कृषि पर संकट गहरा सकता है। इसलिए जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न होने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए अभी से कृषि नीति में सुधार पर काम शुरू करना होगा, ताकि किसानों का पारंपरिक कृषि से मोहभंग न हो। जलवायु परिवर्तन किसी एक देश या क्षेत्र तक सीमित नहीं है, इसलिए वैश्विक स्तर पर ठोस उपायों की जरूरत है। यह न केवल कृषि के लिए, बल्कि संपूर्ण मानव सभ्यता के लिए एक बड़ा खतरा है। कोई भी देश इसके प्रभाव से बच नहीं सकता। विकास की आंधी में हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि विश्व की अधिकांश जनसंख्या की आजीविका का मुख्य आधार आज भी कृषि ही है। यदि तापमान में इसी तरह बढ़ोतरी होती रही, तो कृषि पर दिन-प्रतिदिन दबाव बढ़ता जाएगा, जिससे बड़ी आबादी के लिए रोजी-रोटी की व्यवस्था करना मुश्किल हो जाएगा। वर्ष 2030 तक भुखमरी को पूरी तरह खत्म करने का लक्ष्य भी अधूरा रह सकता है। उल्लेखनीय है कि देश में पिछले चालीस वर्षों से बारिश की मात्रा में निरंतर गिरावट आ रही है। गंगोत्री हिमनद भी प्रतिवर्ष सिकुड़ रहा है। नदियों का जल कम हो रहा है। पानी की कमी के कारण खेती घाटे का सौदा बनती जा रही है। भारत के लिए यह और अधिक चिंता की बात है, क्योंकि यहां 70 फीसद से अधिक लोग प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से खेती से जुड़े हुए हैं। जलवायु परिवर्तन न सिर्फ आजीविका, पानी की आपूर्ति और मानव स्वास्थ्य के लिए खतरा पैदा कर रहा है, बल्कि खाद्य सुरक्षा के लिए भी यह एक बड़ी चुनौती है। चूंकि भारत के किसानों के पास खेती का रकबा बहुत छोटा है, इसलिए इस तरह की आपदाओं के कारण उनकी आमदनी बुरी तरह प्रभावित हो सकती है। यह सच है कि जलवायु परिवर्तन के असर से कोई नहीं बच सकता। ऐसे में जरूरी है कि इस संकट को कम करने के लिए हर स्तर पर व्यापक एवं कारगर उपाय किए जाएं, ताकि समय रहते स्थिति को संभाला जा सके।
Submit
Submit Test !
×
Dow you want to submit your test now ?
Submit