Call us: +91 7393976701
Please Wait a Moment
Menu
Dashboard
Register Now
Join Us
संपादकीय 21 सितंबर ()
Font Size
+
-
Reset
Backspace:
0
Timer :
00:00
हम जीवन से लैस लोगों से अपने जीवन में जितने लोगों से मिलते हैं, उतने ही से नहीं मिल पाते। हमारे अनुभवों की अपनी सीमाएं होती हैं। हम अपने सुख-दुख, अपनी स्मृतियों, अपनी असफलताओं और अपनी इच्छाओं के भीतर एक संसार रचते हुए जीवन गुजार देते हैं, लेकिन साहित्य इस सीमित संसार की दीवारों में एक खिड़की खोल देता है। वह हमें उस जीवन तक ले जाता है, जिन्हें हमने जिया नहीं, उन भावनाओं से परिचित कराता है, जिन्हें हमने महसूस नहीं किया और उन प्रश्नों के सामने खड़ा कर देता है, जिनके बारे में शायद हमने कभी सोचा भी नहीं था। शायद साहित्य की सबसे बड़ी शक्ति यही है कि वह मनुष्य को उसके स्व से उठाकर समष्टि से जोड़ देता है। मनुष्य स्वभावतः अपने अनुभवों के केंद्र में जीता है। हम दुनिया को अक्सर अपनी दृष्टि, अपनी परिस्थितियों और अपने सत्य के आधार पर समझते हैं। दूसरे की पीड़ा हमें तब तक पूरी तरह दिखाई नहीं देती, जब तक हम उसके संसार के भीतर प्रवेश न कर सकें। साहित्य हमें यही अवसर देता है। वह हमें किसी किसान की आंखों से सूखे को देखने, किसी वृद्ध के अकेलेपन को महसूस करने, किसी स्त्री के संघर्ष को समझने, किसी बच्चे के भय में उतरने या किसी ऐसे व्यक्ति की चुप्पी सुनने की क्षमता देता है, जिसके जीवन से हमारा कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है। यहीं से साहित्य में सहानुभूति से आगे बढ़कर सह-अनुभूति जन्म लेती है। सहानुभूति में हम किसी के दुख को देखकर उसके प्रति संवेदना रखते हैं, लेकिन साहित्य कई बार हमें उस दुख के भीतर तक ले जाता है। हम केवल यह नहीं सोचते कि वह दुखी है, बल्कि कुछ क्षणों के लिए यह महसूस करने लगते हैं कि यदि मैं उसकी जगह होता, तो कैसा महसूस करता? यही प्रश्न मनुष्य को भीतर से बदलने की शुरुआत करता है। शायद इसी कारण महान साहित्य हमें केवल मनोरंजन देकर समाप्त नहीं हो जाता। वह पढ़े जाने के बाद भी हमारे भीतर बना रहता है। किसी कहानी का कोई पात्र वर्षों बाद अचानक याद आ सकता है। किसी कविता की एक पंक्ति जीवन के किसी कठिन मोड़ पर हमारे भीतर लौट सकती है। किसी उपन्यास में पढ़ा गया कोई संघर्ष हमारे अपने निर्णयों को देखने का नया दृष्टिकोण दे सकता है। साहित्य का प्रभाव अक्सर उसी समय दिखाई नहीं देता, जिस समय हम उसे पढ़ रहे होते हैं। वह धीरे-धीरे हमारे भीतर उतरता है, हमारी दृष्टि बदलता है और फिर हमारे व्यवहार में कहीं अनकहे ढंग से प्रकट होने लगता है। साहित्य हमें यह भी सिखाता है कि मनुष्य एकरेखीय नहीं होता। किसी व्यक्ति को केवल उसके एक निर्णय, एक गलती या एक परिस्थिति से परिभाषित नहीं किया जा सकता। एक अच्छा साहित्यिक पात्र हमें उसकी अच्छाइयों के साथ उसकी कमजोरियां भी दिखाता है। वह हमें बताता है कि अपराधी के भीतर भी कभी कोई भयभीत मनुष्य हो सकता है, कठोर दिखने वाले व्यक्ति के भीतर कोई पुराना घाव हो सकता है और मौन रहने वाले व्यक्ति के भीतर अनगिनत अनकहे संवाद हो सकते हैं। इस तरह साहित्य हमारे भीतर निर्णय सुनाने की जल्दबाजी को कम करता है और समझने की इच्छा को बढ़ाता है। दार्शनिक दृष्टि से देखें, तो साहित्य का यह प्रभाव मनुष्य के स्व के विस्तार की प्रक्रिया है। हम जन्म से अपने अस्तित्व को सबसे पहले मैं के रूप में पहचानते हैं, लेकिन जीवन की परिपक्वता शायद इस मैं से आगे बढ़कर हम तक पहुंचने में है। साहित्य इस यात्रा का एक सुंदर माध्यम बन सकता है। वह हमें यह अनुभव कराता है कि हमारे दुख भले अलग-अलग हों, लेकिन उनकी संवेदनाएं अक्सर एक-दूसरे से जुड़ी होती हैं। अकेलापन, प्रेम, भय, प्रतीक्षा, वियोग, आशा, असफलता और फिर से उठ खड़े होने की इच्छा ये भाव किसी एक व्यक्ति की संपत्ति नहीं हैं। अलग-अलग जीवन में इनके रूप बदल सकते हैं, लेकिन इनकी धड़कन एक जैसी होती है। शायद इसी कारण साहित्य हमें स्वयं से भी मिलाता है। हम अक्सर दूसरों की कहानियां पढ़ते-पढ़ते अपनी कहानी पहचान लेते हैं। किसी पात्र का अकेलापन हमारे भीतर छिपे अकेलेपन को आवाज दे सकता है। किसी स्त्री का संघर्ष हमारे अपने अनकहे प्रश्नों को सामने ला सकता है। किसी पात्र का साहस हमें अपनी कमजोरी स्वीकार करने का साहस दे सकता है। इस अर्थ में साहित्य केवल बाहर की दुनिया का आईना नहीं, भीतर की दुनिया का भी दर्पण है। आज जब हमारी दुनिया तेज होती जा रही है और सूचनाओं की अधिकता के बावजूद मनुष्यों के बीच संवेदनात्मक दूरी बढ़ती दिखाई देती है, साहित्य की आवश्यकता और भी बढ़ जाती है। स्क्रीन हमें बहुत कुछ दिखा सकती है, लेकिन हर दृश्य हमें महसूस नहीं करा सकता। साहित्य हमें ठहरना सिखाता है। किसी शब्द पर रुकना, किसी मौन को सुनना, किसी पात्र के जीवन में कुछ समय बिताना, ये छोटी सी लगने वाली प्रक्रियाएं हमारी संवेदना को जीवित रखती हैं। हालांकि, साहित्य पढ़ लेना अपने आप में मनुष्य को महान नहीं बना देता। साहित्य की सार्थकता तब है, जब वह हमारे भीतर की करुणा को व्यवहार में बदलने की इच्छा पैदा करे। साहित्य की सबसे बड़ी शक्ति शायद यही है कि वह हमें हमारी व्यक्तिगत सीमाओं से बाहर निकालकर मनुष्य होने के व्यापक अर्थ से परिचित कराता है।
Submit
Submit Test !
×
Dow you want to submit your test now ?
Submit